जबलपुर। अधारताल कंचनपुर में नियमों को ताक पर रखकर बिजली लाइन शिफ्ट करने का मामला सामने आया है। संजय नगर पावर हाउस क्षेत्र के कंचनपुर में निवासी बद्री प्रसाद के मकान के ऊपर से गुजर रहे विद्युत कंडक्टर को बिना किसी विभागीय अनुमति के बदलने की कोशिश की जा रही थी। बद्री प्रसाद ने विभाग को सूचित किए बिना ही कंडक्टर की जगह पर नई केबल डालने का कार्य शुरू करवा दिया था। वरिष्ठ अधिकारियों को जैसे ही इस अनाधिकृत कार्य की भनक लगी, बिजली विभाग की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। टीम ने कंचनपुर पहुंचकर मौके का जायजा लिया और वहां चल रहे अवैध काम को रुकवाते हुए उपयोग में लाई जा रही केबल को जब्त कर लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित व्यक्ति को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में बिना मंजूरी ऐसा कोई काम न करें।
बिना अनुमति बिजली लाइन बदलना पड़ गया भारी
विभाग की टीम ने कंचनपुर पहुंचकर काम रुकवाया। अधिकारियों ने बद्री प्रसाद को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भविष्य में बिजली लाइन से संबंधित कोई भी बदलाव करने के लिए पहले विधिवत आवेदन करें और अनुमति प्राप्त करें। विभाग के अनुसार अभी किसी प्रकार का जुर्माना नहीं लगाया गया है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में ऐसी लापरवाही मिलने पर सख्त जुर्माना या कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। यह घटना अन्य लोगों के लिए भी एक सबक है कि बिजली लाइनों के साथ छेड़छाड़ करना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी हो सकता है।
