khabar abhi tak

ओवरनाइट एक्सप्रेस के पावर कार में रेल कर्मचारी को चूहे ने काटा, अस्पताल में कराना पड़ा उपचार

जबलपुर. इंदौर से जबलपुर आ रही ओवरनाइट एक्सप्रेस में आज शुक्रवार 17 जुलाई की सुबह पावर कार में तैनात रेलवे के टेक्नीशियन इलेक्ट्रिकल की उंगली को एक चूहे ने कतर (काट) लिया। जिससे रेल कर्मचारी घबरा गया और अपने साथियों को इसकी जानकारी दी। बाद में रेलवे अस्पताल पहुंचा, जहां पर अपना उपचार कराया। इस घटना से कर्मचारियों में रोष है.

बताया जाता है कि गाड़ी संख्या 22191 के पावर कार संख्या 161011 में जबलपुर में पदस्थ रेल कर्मचारी अनिल कुमार कुशवाहा, टेक्नीशियन इलेक्ट्रिकल की ड्यूटी थी. वे अपने पावर कार में लेटे हुए थे. इसी दौरान एक बड़े चूहे ने उनकी उंगली को कुतर लिया. जिससे खून निकलने लगा. चूहे के काटते ही रेल कर्मचारी घबरा गये और अपने साथी को भी बताया.

रेलवे अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया

बताया जाता है कि रेल कर्मचारी अनिल कुमार कुशवाहा ड्यूटी से छूटने के बाद अपने घर गये और फिर दोपहर में रेलवे अस्पताल पहुंचे, जहां पर डाक्टर ने टीटी का इंजेक्शन लगाकर कटी उंगुली की मरहम-पट्टी की.

पूरी ट्रेन में चूहों की धमाचौकड़ी, यात्री भी हैं परेशान

रेल कर्मचारियों का कहना है कि पूरी ट्रेन में ही चूहों की धमाचौकड़ी मची हुई है. यात्रियों के साथ-साथ रेल कर्मचारी भी परेशान है। रेलवे चूहों-काकरोचों की सफाई के लिये लाखों का ठेका देता है, लेकिन उसका असर नजर नहीं आ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि पावर कार में न तो माउस पैड लगाये गये हैं और न ही पिंजरा रखा है. जिससे कर्मचारियों की परेशानी बढ़ी हुई है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak