khabar abhi tak

एलपीजी किट से दौड़ रहीं थी स्कूली वैन, हुई जब्ती की कार्रवाई




जबलपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश और जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के आदेश के पालन में परिवहन विभाग ने लिटिल चैंप सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बड़ी कार्रवाई की है। जहां 17 ओमनी वैन एलपीजी किट से संचालित पाई गईं। इन वाहनों का उपयोग स्कूली बच्चों को ढोने के लिए किया जा रहा था, जो नियमों के खिलाफ है। परिवहन विभाग ने तुरंत इन सभी 17 वाहनों को जब्त कर लिया और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय परिसर में खड़ा करवा दिया है। प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से स्कूल प्रबंधन और वाहन मालिकों में हड़कंप मच गया है।

​गैस किट वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई होगी

​आरटीओ श्रीमती रिंकू शर्मा के अनुसार,विभाग ने इन 17 ओमनी वैन मालिकों के खिलाफ मौके पर ही चालानी कार्रवाई की है। साथ ही, इन सभी वाहनों से एलपीजी किट भी निकलवा दी गई है ताकि दोबारा इनका उपयोग बच्चों के लिए न हो सके। इससे पहले 16 जुलाई को भी विभाग ने इसी तरह स्कूली बच्चों को ले जा रही 2 ओमनी वैन पर कार्रवाई की थी और उनमें से भी एलपीजी किट हटवाई थी। परिवहन विभाग अब पूरी तरह से सतर्क है और बच्चों की जान जोखिम में डालने वाले किसी भी वाहन को नहीं छोड़ा जाएगा। विभाग ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

​नियम विरुद्ध चल रहे वाहनों को मिली चेतावनी

​श्रीमती शर्मा ने सभी वाहन मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि वे स्कूली बच्चों का परिवहन करना चाहते हैं, तो उन्हें अपने वाहनों को कमर्शियल श्रेणी में पंजीकृत करवाना होगा। इसके साथ ही वाहनों के पास वैध परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, वैध बीमा और पीयूसी होना अनिवार्य है। मालिकों को अभिभावकों के साथ अनुबंध करने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि जिम्मेदारी तय हो सके। सभी 17 वाहन मालिकों ने विभाग को लिखित में स्वघोषणा पत्र सौंपा है, जिसमें उन्होंने भविष्य में नियमों का पालन करने और वाहन को कमर्शियल रूप में ही संचालित करने का वादा किया है। विभाग लगातार ऐसे वाहनों की निगरानी करता रहेगा ताकि भविष्य में कोई हादसा न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak