khabar abhi tak

पीएम मोदी ने पमरे के ब्योहारी, सांची, विदिशा, अशोकनगर, शिवपुरी एवं गंगापुर सिटी सहित देश के 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया

जबलपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 17 जुलाई को जालंधर (पंजाब) से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 20 राज्यों में स्थित 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इस लोकार्पण कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह जुड़े रहे। 

लगभग 1,570 करोड़ रुपये की लागत से विकसित ये स्टेशन विश्व के सबसे बड़े स्टेशन पुनर्विकास कार्यक्रमों में शामिल हैं। विरासत भी, विकास भी की भावना पर आधारित इन स्टेशनों का पुनर्विकास स्थानीय संस्कृति, विरासत एवं आधुनिक वास्तुकला के समन्वय के साथ किया गया है, जिससे प्रत्येक स्टेशन को उसकी विशिष्ट पहचान प्राप्त हुई है।

पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत मध्य प्रदेश के ब्योहारी, साँची, विदिशा, अशोकनगर एवं शिवपुरी तथा राजस्थान के गंगापुर सिटी जंक्शन रेलवे स्टेशन आधुनिक स्वरूप में विकसित किये गए हैं। इन स्टेशनों के पुनर्विकास पर ब्योहारी (20 करोड़), साँची (15 करोड़), विदिशा (29 करोड़), अशोकनगर (22 करोड़), शिवपुरी (22 करोड़) तथा गंगापुर सिटी जंक्शन (25 करोड़) सहित कुल 133 करोड़ रुपये से अधिक की लागत व्यय की गई है।

स्थानीय स्तर पर भी आयोजित हुए भव्य समारोह

पश्चिम मध्य रेल के पुनर्विकसित साँची, विदिशा, अशोकनगर, शिवपुरी, गंगापुर सिटी एवं ब्योहारी अमृत भारत स्टेशनों के लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित हुए। समारोह का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ, जिनमें स्थानीय कलाकारों एवं विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियाँ देकर क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का परिचय कराया। कार्यक्रम के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया। इसके पश्चात माननीय प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों का राष्ट्र को समर्पित किया।

भोपाल मंडल: साँची में माननीय राज्यपाल, मध्यप्रदेश श्री मंगुभाई पटेल, माननीया केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी एवं विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विदिशा में राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल एवं विधायक मुकेश टंडन तथा अशोकनगर में केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधायक श्री जगन्नाथ सिंह रघुवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। रेलवे प्रशासन की ओर से महाप्रबंधक पश्चिम मध्य रेलवे दिलीप कुमार सिंह, मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की। शिवपुरी में विधायक देवेन्द्र कुमार जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।

जबलपुर मंडल: ब्योहारी में माननीय उपमुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश श्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद डॉ. राजेश मिश्र, विधायक जुगलाल कोल सहित स्थानीय प्रशासन एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। रेलवे प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा,  वरिष्ठ मंडल इंजी. (सम.) राहुल जयपुरियार एवं अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी समारोह में उपस्थित रहे।

कोटा मंडल: गंगापुर सिटी में कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय सहकारिता मंत्री (प्रभारी, सवाई माधोपुर) राजस्थान सरकार श्री गौतम कुमार दक ने की। समारोह में सांसद हरीश चंद्र मीणा, विधायक रामकेश मीणा, प्रधान पंचायत समिति श्रीमती मंजू गुर्जर, निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak