जबलपुर। जबलपुर के नेपियर टाउन, राइट टाउन, गोहलपुर व इनकम टैक्स चौराहा के पास लम्बे समय से चल रहे स्पा सेंटरों पर आज शाम पुलिस व नगर निगम की टीम ने दबिश दी। पुलिस को दबिश के दौरान कई युवक व युवतियां संदिग्ध हालत में मिले है। अचानक की गई कार्रवाई से स्पा सेंटरों में भगदड़ व अफरातफरी मच गई। वहीं पुलिस व नगर निगम की टीम को देख आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर आ गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना था कि लम्बे समय से इन क्षेत्रों में संचालित हो रहे स्पा सेंटर की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही है। जिसकी शिकायत भी लगातार पुलिस को मिल रही थी। शिकायतकर्ताओं का कहना था कि यहां पर नशा से लेकर अन्य अनैतिक कार्य भी होते है, जिसपर आज शाम पुलिस व नगर निगम की टीम के साथ छापा मारा। पुलिस को देखते ही इन स्पा सेंटरों में भगदड़ व अफरातफरी मच गई, संदिग्ध हालात में मिले युवक व युवतियां अपने चेहरे छिपाते नजर आए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों से रजिस्टर, दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों में सेंटर पर आने वाले लोगों का विवरण दर्ज बताया जा रहा है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि गोहलपुर और विजय नगर क्षेत्र के कुछ अन्य स्पा सेंटरों में भी अनैतिक गतिविधियों की सूचना मिली है, जहां जांच और कार्रवाई जारी है। वहीं नगर निगम की टीम यह भी जांच कर रही है कि संचालित स्पा सेंटरों के पास वैध लाइसेंस और अन्य आवश्यक अनुमति है या नहीं।
यहां पर CCTV में पुलिस को देख भाग निकले युवक-युवतियां-
खबर है कि पुलिस की टीम जब राइट टाउन स्थित स्पा सेंटर पहुंची तो वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरों में देख लिया गया। जिसपर युवक, युवतियां व महिलाए पिछले दरवाजे से भाग निकले। पुलिस को वहां पर कुछ नहीं मिला, हालाकि पुलिस अधिकारियों ने जांच के साथ साथ पूछताछ की है।