सतना. जबलपुर रेल मंडल के सतना रेलवे स्टेशन पर शनिवार 11 जुलाई की तड़के एक बड़ी लापरवाही सामने आई। प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक गर्भवती महिला ने यात्री प्रतीक्षालय में ही नवजात शिशु को जन्म दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि समय पर एम्बुलेंस और चिकित्सकीय सहायता नहीं मिलने के कारण स्टेशन परिसर में ही प्रसव कराना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला प्रतीक्षालय में अकेली थी और तेज प्रसव पीड़ा से कराह रही थी। वहां मौजूद महिला यात्रियों ने जननी एक्सप्रेस को फोन कर मदद मांगी, लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची। मदद करने वाली महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि जिला अस्पताल ले जाने के लिए पैसे मांगे जा रहे थे।
स्टेशन परिसर में हुआ सुरक्षित प्रसव
करीब एक घंटे तक इंतजार के बाद भी चिकित्सकीय सहायता नहीं मिलने पर सुबह 4:22 बजे महिला ने रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर के सामने नवजात शिशु को जन्म दिया। मौके पर मौजूद महिलाओं ने प्रसूता की मदद कर सुरक्षित प्रसव कराया।
प्रसूता और नवजात की जानकारी स्पष्ट नहीं
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला का नाम खुशबू है। बताया गया कि उसका पति उसे प्रतीक्षालय में छोड़कर कहीं चला गया था। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा जिला अस्पताल पहुंचे या नहीं, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
