khabar abhi tak

ट्रेन के फर्स्ट एसी कूपे को हनीमून सुइट बनाने पर टीटीई सस्पेंड, डेकोरेटर पर भी केस दर्ज

नई दिल्ली. नांदीग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कूपे को हनीमून सूट की तरह सजाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे ने सख्त कार्रवाई की है। इस मामले में संबंधित टिकट चेकर (टीटीई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

यह घटना 6 जुलाई 2026 की है। जानकारी के अनुसार, बल्हारशाह से मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) जा रही 11002 नांदीग्राम एक्सप्रेस जब जालना स्टेशन पर रुकी थी, तभी एक दंपती ने निजी इवेंट डेकोरेशन सर्विस की मदद से अपने फर्स्ट एसी के दो-सीटर कूपे को सुहागरात के लिए सजवाया। बताया जा रहा है कि दंपती छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) से सड़क मार्ग से जालना पहुंचे थे और वहीं से ट्रेन में सवार हुए।

फूल, गुब्बारे, गुलाब की पंखुडिय़ां

वायरल वीडियो में फर्स्ट एसी कूपे को किसी लग्जरी हनीमून सुइट की तरह सजाया गया था। छत पर गुलाबी और सफेद रंग के गुब्बारे लगाए गए थे, दीवारों पर दिल के आकार की सजावट और पर्दे लगाए गए थे। ताजे फूलों की मालाएं, फूलों की आकर्षक सजावट और हजारों लाल गुलाब की पंखुडिय़ों से फर्श और बिस्तर पर दिल का डिजाइन बनाया गया था। कूपे में फेयरी लाइट्स, लव यू लिखा हुआ बड़ा साइन बोर्ड और मोमबत्तियां भी रखी गई थीं।

रेलवे ने माना गंभीर चूक

दक्षिण मध्य रेलवे ने बयान जारी कर कहा कि दंपती ने ऑनलाइन एक निजी डेकोरेटर को बुक किया था। जालना स्टेशन पर डेकोरेटर का बिना अनुमति फर्स्ट एसी कोच में प्रवेश करना रेलवे सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है। इसी लापरवाही को देखते हुए संबंधित टिकट चेकर को निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज

रेलवे ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डेकोरेटर के खिलाफ भी रेलवे अधिनियम के तहत बिना अनुमति ट्रेन में प्रवेश करने, बिना टिकट यात्रा करने और रेलवे परिसर में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak