जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के अगले चरण में प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसके लिए 23 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक 15 दिन का ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान दयोदय एक्सप्रेस सहित चार ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित रहेंगे, जबकि चार ट्रेनों का संचालन कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन से किया जाएगा।
ब्लॉक के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-2 ट्रेन संचालन के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा। इसके चलते इस प्लेटफॉर्म पर आने-जाने वाली ट्रेनों को परिचालन की सुविधा के अनुसार दूसरे प्लेटफॉर्म पर लिया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कुछ ट्रेनों के प्रारंभिक और अंतिम स्टेशन में भी अस्थायी बदलाव किया गया है।
सोगरिया स्टेशन से चलेंगी चार ट्रेनें
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 19812 इटावा-कोटा एक्सप्रेस 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन पर यात्रा समाप्त करेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 22984 इंदौर-कोटा एक्सप्रेस और 61634 बीना-कोटा मेमू 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक सोगरिया स्टेशन पर समाप्त होंगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 61633 कोटा-बीना मेमू 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक कोटा के स्थान पर सोगरिया स्टेशन से रवाना होगी। इस ट्रेन का सोगरिया से प्रस्थान समय दोपहर 3:20 बजे निर्धारित किया गया है।
दयोदय सहित चार ट्रेनों का बदलेगा मार्ग
ब्लॉक के चलते गाड़ी संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक और गाड़ी संख्या 12181 जबलपुर-अजमेर दयोदय एक्सप्रेस 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक सोगरिया-चम्बल केबिन-गुरला परिवर्तित मार्ग से चलेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस और 12182 अजमेर-जबलपुर दयोदय एक्सप्रेस 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक गुरला-चम्बल केबिन-सोगरिया परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी। इस अवधि में ये चारों ट्रेनें कोटा स्टेशन नहीं जाएंगी।
सोगरिया में मिलेगा अस्थायी ठहराव
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली चारों ट्रेनों को यात्रियों की सुविधा के लिए सोगरिया स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है। निर्धारित समय के अनुसार:
14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस: आगमन रात 2:10 बजे, प्रस्थान 2:20 बजे।
14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस: आगमन रात 11:30 बजे, प्रस्थान 11:40 बजे।
12181 जबलपुर-अजमेर दयोदय एक्सप्रेस: आगमन सुबह 6:35 बजे, प्रस्थान 6:45 बजे।
12182 अजमेर-जबलपुर दयोदय एक्सप्रेस: आगमन रात 9:50 बजे, प्रस्थान 10 बजे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि 23 नवंबर से 7 दिसंबर के बीच यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन के मार्ग, प्रारंभिक एवं अंतिम स्टेशन और समय की जानकारी एनटीईएस (NTES) या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 से प्राप्त कर लें। इससे यात्रा के दौरान होने वाली असुविधा से बचा जा सकेगा।
