जबलपुर। बेलखेड़ा के राजौला गांव में रहने वाली एक पत्नी अपने घर का गेट कूदकर भाग गई है। पत्नी की खोजबीन करने पर पत्नी और उसके परिजनों ने दस लाख रूपए देने की मांग की है वरना उसे झूठे मामले में फंसा देने की धमकी दी। डरे-सहमे परिवार ने एसपी से मुलाकात कर अपनी परेशानी से अवगत कराया।
जबलपुर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे बेलखेड़ा के ग्राम राजौला निवासी पवन कुमार सेन और उनके अधिवक्ता साकेत शर्मा ने पत्नी व ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना, झूठे मुकदमे में फंसाने और 10 लाख रुपये की अवैध मांग करने का आरोप लगाते हुए एसपी को शिकायत सौंपी। पवन सेन ने बताया कि उनकी शादी 14 मई को रागिनी सेन से हुई थी। शादी के बाद से ही पत्नी का व्यवहार ठीक नहीं रहा। वह परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करती रही।
आरोप यह है कि पत्नी मोहल्ले की एक विधवा महिला के साथ अनैतिक संबंध में है। इसी वजह से साथ नहीं रहना चाहती, जबकि ससुराल पक्ष ने 3 नवंबर को गांव आकर दबाव बनाया और 10 लाख रुपये देकर तलाक देने की मांग की। सेन के मुताबिक 17-18 नवंबर की दरमियानी रात पत्नी घर से चली गई, जिसकी सूचना संजीवनी नगर थाने में दी गई है। सीसीटीवी में भी वह जाती दिखी, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से परिवार भयभीत है और सुरक्षा व न्याय की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा है।
