रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और आवासीय कॉलोनियों में पांच वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
जबलपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जबलपुर रेल मंडल में भी तीन दिवसीय विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। 22 से 24 नवंबर तक आयोजित इस अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और रेल आवासीय कॉलोनियों में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेश के चिन्हित जिलों में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसमें सहभागिता करते हुए जबलपुर रेल मंडल ने भी अपने क्षेत्र में बच्चों के टीकाकरण के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। अभियान के तहत जबलपुर, कटनी और नरसिंहपुर सेक्शन के रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं आवासीय कॉलोनियों में टीकाकरण केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
अभियान में रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों के अलावा रेलवे परिसरों में आने वाले यात्रियों के पांच वर्ष तक के बच्चों को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए अभिभावकों को जागरूक करने की जिम्मेदारी भी संबंधित कर्मचारियों को सौंपी गई है।
टीकाकरण अभियान में रेलवे चिकित्सालयों और स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्य भी सहयोग करेंगे। इन सदस्यों को अभियान के तीनों दिन संबंधित कार्यों से मुक्त रखकर टीकाकरण में सहयोग के लिए तैनात करने का अनुरोध किया गया है।
रेल प्रशासन ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर अधिक से अधिक बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाने की तैयारी की है। मंडल प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
