khabar abhi tak

कटनी और खन्ना बंजारी स्टेशनों पर वाणिज्य विभाग का औचक निरीक्षण

तत्काल टिकट बुकिंग व्यवस्था की जांच, अवैध वेंडरों पर कार्रवाई; यात्री सुविधाओं और माल साइडिंग का भी लिया जायजा

जबलपुर। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और रेलवे परिसर में अनियमित गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से जबलपुर रेल मंडल द्वारा स्टेशनों पर निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता के निर्देशन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने वाणिज्य विभाग की टीम के साथ कटनी जंक्शन और खन्ना बंजारी रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया।

तत्काल टिकट बुकिंग व्यवस्था की जांच

कटनी जंक्शन के आरक्षण कार्यालय में तत्काल टिकट बुकिंग प्रक्रिया की जांच की गई। इस दौरान यात्रियों को जारी टोकन (स्वयं की यात्रा-ए प्राथमिकता) और आरक्षण फॉर्म के साथ जमा पहचान पत्र का मिलान किया गया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को आरक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आरक्षण कार्यालय के आसपास दलालों और संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल अधिकारियों और सुरक्षा बल को देने को कहा।

अवैध वेंडरों पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में खाद्य सामग्री बेचते मिले अनधिकृत वेंडरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। उन पर आर्थिक दंड लगाया गया और निम्न गुणवत्ता की खाद्य सामग्री जब्त की गई।

खन्ना बंजारी में यात्री सुविधाओं और माल साइडिंग का निरीक्षण

खन्ना बंजारी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं और माल साइडिंग का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मालगाड़ियों के रेक की लोडिंग-अनलोडिंग प्रक्रिया के साथ ही उनके वजन के लिए स्थापित वे-ब्रिज की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया।

रेल प्रशासन के अनुसार यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अनधिकृत वेंडिंग, टिकट दलाली और अन्य अनियमित गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मंडल का उद्देश्य यात्री सुविधाओं में सुधार के साथ माल परिवहन व्यवस्था को भी अधिक प्रभावी बनाना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak