जबलपुर. रेलवे स्टेशन पर बुधवार 8 जुलाई की देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब टीबी की बीमारी से परेशान एक युवक ने भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस के सामने पटरी पर लेटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। लोको पायलट की सतर्कता और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बच गई।
घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की है। भोपाल से जबलपुर आ रही गाड़ी संख्या 12854 अमरकंटक एक्सप्रेस जैसे ही रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर प्रवेश कर रही थी, तभी एक युवक अचानक मुख्य प्रवेश द्वार के सामने रेलवे ट्रैक पर जाकर लेट गया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने शोर मचाया, जिसके बाद लोको पायलट ने ट्रेन को धीमी गति में ही रोक दिया।
सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट जबलपुर के आरक्षक चन्द्रेश्वर सिंह मौके पर पहुंचे और तत्काल युवक को ट्रेन के सामने से हटाकर उसकी जान बचाई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मुकेश मेश्राम (30) पिता भास्कर मेश्राम निवासी आजाद नगर सुभाष वार्ड कटरा थाना अधारताल जबलपुर बताया।
बीमारी के कारण परेशान है युवक
उसने आरपीएफ को बताया कि वह लंबे समय से टीबी (क्षय रोग) से पीडि़त है। इलाज में काफी पैसा खर्च होने के बावजूद स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान था और इसी कारण आत्महत्या करने के उद्देश्य से ट्रेन के सामने आ गया। घटना की जानकारी मिलने पर आरपीएफ के उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार ने युवक के परिजनों को सूचना दी। कुछ देर बाद उसका भांजा रोहित आरपीएफ पोस्ट पहुंचा, जिसके बाद मुकेश को उसके बैग और मोबाइल सहित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
