प्रयागराज/जबलपुर. लोकमान्य तिलक टर्मिनस से चलकर गोरखपुर जाने वाली काशी एक्सप्रेस के एसी-2 कोच में जबलपुर रेल मंडल में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आयी है। एक महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया, जिसमें 15 तोला सोने के जेवर व 50 हजार रुपये नगद थे. प्रयागराज जंक्शन में महिला को पता चला, जिस पर जीआरपी थाना में शिकायत दर्ज कराई है. जीआरपी ने जीरो पर कायमी कर केस डायरी जबलपुर भेजी जा रही है. घटना शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है.
बताया जाता है कि मुंबई निवासी अनीता पाठक अपने परिवार के साथ गाड़ी संख्या 15017 के कोच संख्या ए2 की सीट नंबर 3 पर सफर कर रही थीं। ट्रेन को सुबह 07:50 बजे प्रयागराज पहुंचना था, लेकिन सुबह 5 बजे जब महिला की आंख खुली तो उनका पर्स गायब मिला। शोर मचाने पर कोच में अफरातफरी मच गई और अन्य यात्री भी मदद के लिए दौड़े। काफी खोजबीन के बाद पर्स ट्रेन के बाथरूम में बरामद हुआ। जब महिला ने पर्स चेक किया तो उसमें रखे 15 तोले सोने के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद गायब थे। चोर ने पकड़े जाने के डर से महिला का मोबाइल फोन फ्लाइट मोड पर सेट कर दिया था। प्रयागराज जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन घटनास्थल जबलपुर होने के कारण केस अब वहां ट्रांसफर किया जा रहा है।
एसी कोच की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
हाई प्रोफाइल माने जाने वाले एसी कोच में लाखों की चोरी ने रेलवे की सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। ट्रेन के अंदर यात्री की सीट के ठीक पास से कीमती सामान का गायब होना और चोर का बाथरूम तक पहुंच जाना सुरक्षा की बड़ी चूक को दर्शाता है। यह घटना साबित करती है कि चोर किसी भी समय सक्रिय होकर यात्रियों के निजी सामान को अपना निशाना बना सकते हैं। मोबाइल को फ्लाइट मोड पर डालना इस बात का संकेत है कि आरोपी पहले से ही ट्रेन में रेकी कर रहा था और उसने पूरी योजना के साथ इस घटना को अंजाम दिया है।
जबलपुर जीआरपी भेजी जा रही केस डायरी
प्रयागराज पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर तुरंत मुकदमा दर्ज करके कानूनी कार्यवाही की प्रक्रिया पूरी की है। नियमानुसार घटनास्थल का दायरा जबलपुर रेलवे पुलिस के अंतर्गत आता है, इसलिए जांच की फाइल को वहां स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है। अब आगे की छानबीन, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण और संदिग्धों की तलाश जबलपुर जीआरपी द्वारा की जाएगी। इस घटना के बाद रेलवे ने यात्रियों को अपने कीमती सामान को यात्रा के दौरान अधिक सावधानी से रखने की सलाह दी है।
