khabar abhi tak

नकली लहर गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में तैयार माल, मशीनें और रैपर जब्त

कटनी. एमपी के कटनी जिले में नकली उत्पाद बनाने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार देर शाम माधवनगर थाना क्षेत्र में संचालित एक अवैध नकली गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। ये नकली गुटखा जबलपुर सहित पड़ोसी जिलों के अलावा यूपी में भी सप्लाई किये जाते थे. पुलिस ने मौके से लहर ब्रांड के भारी मात्रा में नकली गुटखा, तंबाकू-मसाला, पैकिंग मशीनें और हजारों खाली रैपर जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक निलेश पाहुजा को गिरफ्तार कर फैक्ट्री सील कर दी गई।

पुलिस को लंबे समय से क्षेत्र में नकली गुटखा तैयार कर बाजार में सप्लाई किए जाने की सूचना मिल रही थी। मंगलवार शाम मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद माधवनगर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर बंगला लाइन स्थित परिसर में दबिश दी। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री के भीतर बड़े पैमाने पर गुटखा तैयार करने, मसाला मिलाने और नामी कंपनी के रैपर में पैकिंग का काम चलता मिला।

तैयार गुटखा, मसाला और दो मशीनें जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से नकली लहर ब्रांड के तैयार पाउच, भारी मात्रा में तंबाकू व हानिकारक मसाला, गुटखा पैकिंग और सीलिंग की दो आधुनिक मशीनें तथा ब्रांडेड कंपनी के हजारों खाली रैपर जब्त किए। फैक्ट्री में रखी तैयार और अर्ध-तैयार सामग्री को भी कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने संचालक निलेश पाहुजा को मौके से हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन को सूचना देकर फैक्ट्री को सील कर दिया गया। जब्त मशीनें और अन्य सामग्री थाने लाकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आसपास के जिलों तक फैला था सप्लाई नेटवर्क

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इस फैक्ट्री में तैयार नकली गुटखा केवल कटनी ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और पड़ोसी जिलों में भी सप्लाई किया जा रहा था। ब्रांडेड कंपनियों के रैपर का उपयोग कर नकली उत्पाद बाजार में उतारे जा रहे थे, जिससे उपभोक्ताओं और दुकानदारों को धोखा दिया जा रहा था।

सप्लाई चेन और नेटवर्क की जांच जारी

माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नकली गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा गया। मौके से भारी मात्रा में तैयार माल, कच्चा माल और मशीनें जब्त कर मुख्य आरोपी निलेश पाहुजा को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब यह पता लगा रही है कि नकली गुटखा कहां तैयार होकर किन-किन जिलों में सप्लाई किया जा रहा था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak