जबलपुर। सिहोरा थानान्तर्गत खितौला स्थित शमशान घाट के समीप टपरिया में सो रही वृद्धा कृष्णाबाई बर्मन की बदमाशों ने चीप पटककर हत्या कर दी। कृष्णाबाई पर हमला होते देख पति चम्मू बर्मन ने उठकर बीच बचाव किया तो उनपर भी हमला कर दिया गया। हमले में चम्मू के शरीर पर गंभीर चोटेें आई। जिन्हे उपचार के लिए सिहोरा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज रेफर किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चम्मू बर्मन अपनी पत्नी कृष्णा बाई के साथ करीब 10 वर्ष से श्मशान घाट के पास एक टपरिया बनाकर रह रहे थे। बीती देर दम्पति सो रहे थे। इस दौरान अज्ञात बदमाश आए और कृष्णा बाई के सिर और चेहरे पर चीप पटककर हत्या कर दी। कृष्णा की चीख सुनकर पति चम्मू उठ गए, उन्होने बीच बचाव किया तो बदमाशों ने उनपर भी चीप से हमला कर दिया। आज सुबह 9 बजे के लगभग कृष्णाबाई के भाई सुरेश बर्मन टपरिया पहुंचे, तो उनकी बहन खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थीं, जबकि उनके जीजा चम्मू बर्मन घायल अवस्था में तड़प रहे थे। सुरेश बर्मन की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिन्होने दोनों को खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने कृष्णा बाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं चम्मू की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस ने मामले में आसपास के लोगों से पूछताछ शुरु कर दी है, वहीं कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।
Tags
jabalpur