khabar abhi tak

जबलपुर मुख्य स्टेशन को राहत, मदन महल से चलेंगी 3 ट्रेनें





जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे ने जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और गाड़ियों के बढ़ते दबाव को कम करने का बड़ा फैसला लिया है। रेल मंत्रालय ने जबलपुर से चलने वाली 3 प्रमुख इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेनों के टर्मिनल को स्थानांतरित करके मदन महल स्टेशन तक बढ़ाने की आधिकारिक स्वीकृति दे दी है। उप मुख्य परिचालन प्रबंधक (कोचिंग) नवनीत राज द्वारा जारी आदेश के अनुसार गाड़ी संख्या 22189/90 रीवा-जबलपुर एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 11265/66 जबलपुर-अंबिकापुर एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 11651/52 जबलपुर-सिंगरौली एक्सप्रेस अब जबलपुर के स्थान पर मदन महल स्टेशन से संचालित होंगी। 

यात्रियों की सुविधा के लिए मदन महल बना नया टर्मिनल

​रेल प्रशासन द्वारा जारी संशोधित समय-सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 22190 रीवा-मदन महल एक्सप्रेस रीवा से सुबह 05.45 बजे चलकर सुबह 09.46 बजे जबलपुर पहुंचेगी और 09.51 बजे रवाना होकर सुबह 10.07 बजे मदन महल पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 22189 मदन महल-रीवा एक्सप्रेस शाम 05.00 बजे मदन महल से रवाना होकर शाम 05.10 बजे जबलपुर पहुंचेगी और शाम 05.15 बजे छूटकर रात 09.22 बजे रीवा पहुंचेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 11266 अंबिकापुर-मदन महल एक्सप्रेस अंबिकापुर से सुबह 06.15 बजे चलकर दोपहर 02.55 बजे जबलपुर पहुंचेगी और दोपहर 03.00 बजे छूटकर दोपहर 03.20 बजे मदन महल पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 11265 मदन महल-अंबिकापुर एक्सप्रेस दोपहर 12.25 बजे मदन महल से चलकर दोपहर 12.35 बजे जबलपुर पहुंचेगी और दोपहर 12.45 बजे रवाना होकर रात 11.00 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी।

बदले हुए समय के साथ पटरी पर दौड़ेंगी ट्रेनें

​तीसरी ट्रेन गाड़ी संख्या 11652 सिंगरौली-मदन महल एक्सप्रेस सिंगरौली से सुबह 04.40 बजे चलकर सुबह 11.25 बजे जबलपुर पहुंचेगी और सुबह 11.35 बजे रवाना होकर दोपहर 12.05 बजे मदन महल पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 11651 मदन महल-सिंगरौली एक्सप्रेस शाम 04.05 बजे मदन महल से रवाना होकर शाम 04.15 बजे जबलपुर पहुंचेगी और शाम 04.20 बजे छूटकर रात 11.45 बजे सिंगरौली पहुंचेगी। रेलवे  के इस फैसले से जबलपुर मुख्य स्टेशन पर गाड़ियों की आवाजाही आसान होगी और प्लेटफार्म खाली रहने से अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन भी सुचारू रूप से हो सकेगा। पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय ने जबलपुर मंडल से नई व्यवस्था लागू करने की तिथि शीघ्र तय करने का अनुरोध किया है ताकि आम जनता के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak