khabar abhi tak

दो सोनोग्राफी सेंटरों पर पुलिस-स्वास्थ्य विभाग का छापा, लिंग परीक्षण, अवैध गर्भपात का आरोप, दोनों सेंटर सील

जबलपुर. शहर में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार 27 जुलाई की शाम एक बड़े संयुक्त अभियान में दो सोनोग्राफी सेंटरों पर छापा मारकर उन्हें सील कर दिया। प्रारंभिक जांच में लिंग परीक्षण, रिकॉर्ड में गड़बड़ी और अवैध गतिविधियों के संकेत मिलने पर दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर सेंटर संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओमती थाना क्षेत्र में अंजुमन स्कूल के सामने संचालित डॉ. राजेंद्र अग्रवाल के सोनोग्राफी सेंटर में लंबे समय से अवैध रूप से लिंग परीक्षण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। इसी दौरान अधारताल स्थित उनके दूसरे सोनोग्राफी सेंटर पर भी एक साथ छापा मारा गया।

रिकॉर्ड व दस्तावेज जब्त किए

कार्रवाई के समय दोनों सेंटरों पर कई गर्भवती महिलाएं मौजूद थीं। जांच के दौरान टीम ने रजिस्टर, रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। प्रारंभिक जांच में रिकॉर्ड में कई अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार रजिस्टर में दर्ज कई महिलाओं की उम्र कम पाई गई, जबकि कुछ मामलों में नाम और पते भी संदिग्ध मिले हैं। एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि जब्त दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। रजिस्टर में दर्ज महिलाओं के नाम, पते और मोबाइल नंबरों के आधार पर उनसे भी पूछताछ की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद सेंटर संचालक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

जांच के दौरान अवैध लिंग परीक्षण और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने दोनों सोनोग्राफी सेंटरों को सील कर दिया है। पुलिस का मानना है कि शहर में इस तरह के अन्य मामलों की भी जांच की जाएगी। यदि जांच में नियमों के उल्लंघन या अवैध गतिविधियों के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak