जबलपुर। शहर के खजरी खिरिया बाईपास स्थित आबाद कमर्शियल जोन में बिजली आपूर्ति की लचर व्यवस्था से स्थानीय व्यापारी और उद्योगपति बेहद परेशान हैं। दिन में कई बार मेंटेनेंस के नाम पर कटौती की जा रही है, जिससे दैनिक कामकाज पूरी तरह ठप हो रहा है। व्यापारियों को अपने संस्थानों को चलाने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों लीटर डीजल खर्च करना पड़ रहा है, जिससे उनकी परिचालन लागत लगातार बढ़ रही है। भारी-भरकम बिजली बिल चुकाने और जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं निकला है। विद्युत कंपनी के कर्मचारियों का अड़ियल रवैया बरकरार है, जिससे व्यापारी वर्ग को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लगातार बढ़ते बिजली दामों के बावजूद मूलभूत सुविधाएं न मिलना अफसोसजनक है।
कमर्शियल जोन में बार-बार कटौती से व्यापार ठप
बिजली कटौती के कारण कटंगी बाईपास का कमर्शियल क्षेत्र पूरी तरह प्रभावित हो चुका है। दिन में बार-बार लाइट जाने से उत्पादन और बिक्री से जुड़े सारे काम रुक जाते हैं। व्यापारियों को जनरेटर चलाने के लिए हर रोज सैकड़ों लीटर महंगा डीजल खरीदना पड़ रहा है। समय पर बिजली बिल जमा करने के बाद भी इस तरह की अव्यवस्था झेलना मजबूरी बन गया है।
शिकायत के बाद भी अधिकारियों का मौन
समस्या से तंग आकर उद्योगपतियों और व्यापारियों ने बिजली कंपनी के उच्च अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई। लिखित आवेदन और व्यक्तिगत वार्ताओं के बावजूद मैदानी स्तर पर कोई सुधार नहीं हुआ। कर्मचारी रोज मेंटेनेंस का बहाना बनाकर बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली बंद कर देते हैं। इस उदासीन रवैया से पूरा व्यावसायिक वर्ग स्वयं को बेबस महसूस कर रहा है।
महंगा टैरिफ देने के बाद भी घटिया सेवा
एक तरफ सरकार और बिजली विभाग दरों में लगातार बढ़ोतरी कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सेवाओं का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। सबसे ज्यादा टैक्स और कमर्शियल दरों पर बिल चुकाने वाले व्यापारियों को ही सबसे ज्यादा परेशान होना पड़ रहा है। सुविधाओं के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं, जिससे नए निवेश और मौजूदा व्यापार दोनों पर बुरा असर पड़ रहा है।
सख्त कार्रवाई की जाएगी:गिरिया
यदि बार-बार परमिट लेकर मेंटेनेंस के नाम पर बिजली कटौती की जा रही है तो इसकी जांच की जाएगी और संबंधित अमले पर सख्त कार्रवाई होगी।
एसके गिरिया, चीफ इंजीनियर, पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर
