जबलपुर। शासकीय कला निकेतन पॉलिटेक्निक कॉलेज में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर सिंह ने अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए फर्जी तरीके से आयुष्मान कार्ड तैयार कराया और निजी अस्पताल में लाखों रुपए का इलाज करवाया. इस गंभीर मामले की शिकायत कलेक्टर से की गई थी, जिसके बाद सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने तुरंत जांच शुरू कर दी है. सीएमएचओ ने आरोपी कर्मचारी की समग्र आईडी और आधार कार्ड की प्रामाणिकता की जांच के लिए संबंधित विभागों को पत्र लिखकर पूरी जानकारी मांगी है, ताकि इस धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके.
मंगलवार तक जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी जांच रिपोर्ट
शिकायत मिलने के बाद सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी के निर्देश पर एक विशेष जांच कमेटी का गठन किया गया है, जो इस पूरे प्रकरण की गहराई से पड़ताल कर रही है. जांच कमेटी आरोपी कर्मचारी द्वारा 7 जुलाई को जबलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती होकर कराए गए इलाज के दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच कर रही है. डॉ. कोठारी ने स्पष्ट किया है कि समग्र आईडी और आधार कार्ड के सत्यापन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है और मंगलवार तक इस मामले की पूरी जांच रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी जाएगी.
