जबलपुर। कारगिल विजय दिवस के त्रिदिवसीय आयोजन के दूसरे दिन केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से लगाई गई फोटो प्रदर्शनी के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस विशेष अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और विधायक अशोक रोहाणी ने कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिरकत करते हुए इस प्रसारण को ध्यान से सुना तथा देश के विकास पर चर्चा की। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.अलकेश चतुर्वेदी, प्राध्यापक एसी तिवारी, डॉ. अरुण शुक्ल, राज्य सलाहकार पंचायती मंत्रालय नवीन शिवा, समाजसेवी अतुल पांडे, भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और एनसीसी के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अतिथियों ने कारगिल विजय गाथा और सेवा सुशासन के 12 साल विकास विश्वास और जनकल्याण विषय पर आधारित प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया। मंत्री राकेश सिंह और विधायक अशोक रोहाणी ने इस ऐतिहासिक दिन को भारतीय सैन्य इतिहास का सबसे गौरवशाली क्षण बताया और युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की। कार्यक्रम के अगले चरण में वक्ताओं ने युवाओं को सेना में शामिल होकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया तथा सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों और नाटकों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह में जोश भर दिया।
सबने सुनी प्रधानमंत्री की मन की बात
मंत्री राकेश सिंह और विधायक अशोक रोहाणी ने प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुना और देश के विकास तथा सुशासन पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान सभी ने कारगिल के वीर सपूतों के बलिदान को याद किया और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विचार गोष्ठियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं में राष्ट्रभक्ति की अलख जगाई गई जहां वक्ताओं ने युवाओं को भारतीय सेना से जुड़कर देश का मान बढ़ाने का संदेश दिया।

