जबलपुर. एमपी के कटनी की नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) नेहा पच्चीसिया पर अवैध वसूली और विभागीय लापरवाही के गंभीर आरोप लगे हैं। उन पर लगे आरोपों की जांच का जिम्मा जबलपुर की एडीएशनल एसपी अनु बेनीवाल को सौंपा गया है.
बताया जाता है कि कटनी में पदस्थापना के बाद कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के दावों के बीच 21 जुलाई की रात ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र जैन (जिनकी 5 गाडिय़ां रेत और डोलोमाइट परिवहन में लगी हैं) ने 22 जुलाई को पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से लिखित शिकायत की। जिसमें आरोप लगाया गया कि 21 जुलाई की रात चेकिंग के नाम पर हाईवा गाड़ी को रोककर ष्टस्क्क नेहा पच्चीसिया द्वारा 30,000 रुपए की मांग की गई। मौके पर 25,000 रुपए नकद लिए गए, जबकि शेष 5,000 रुपए अगले दिन चालक के माध्यम से देने की बात तय हुई। पैसे न देने पर वाहन को थाने में खड़ा कर कार्रवाई करने का दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ता ने साक्ष्यों के साथ निष्पक्ष जांच की मांग की है।
एसपी ने चालक को किया सस्पेंड सीएसपी से 3 थानों का प्रभार छीना
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने प्रारंभिक जांच के बाद सीएसपी के चालक/आरक्षक केशव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही कार्य विभाजन में बदलाव करते हुए सीएसपी नेहा पच्चीसिया के अधिकार क्षेत्र से कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर थाना हटाकर इनका प्रभार अजाक डीएसपी शिवा पाठक को सौंप दिया।
हत्या मामले में डिफॉल्ट बेल, जमीन हड़पने का भी है आरोप
ट्रांसपोर्टर से वसूली का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि उनके खिलाफ विभागीय जांच के दो नए मामले सामने आ गए। हत्या के एक गंभीर प्रकरण में निर्धारित 90 दिनों की समय-सीमा के भीतर न्यायालय में चालान पेश न करने के कारण आरोपी को डिफॉल्ट बेल मिल गई। इसमें सीएसपी की घोर लापरवाही मानी जा रही है। इसी हत्या के आरोपी ने न्यायालय में सीएसपी नेहा पच्चीसिया के खिलाफ परिवाद दायर किया है। आरोप है कि केस में कानूनी लाभ पहुंचाने के एवज में उसकी कीमती जमीन को बेहद कम दामों पर खुर्द-बुर्द कर बेचा गया।
जबलपुर की एडी. एसपी अनु बेनीवाल करेंगी जांच
लगातार सामने आ रहे गंभीर मामलों की गंभीरता और निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए विभागीय स्तर पर जांच के आदेश दिए गए हैं। ट्रांसपोर्टर से वसूली और हत्या के मामले में प्रक्रियात्मक अनियमितताओं से जुड़ी दोनों जांच जबलपुर की एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल को सौंप दी गई है।
