khabar abhi tak

रेल मंडल में दृष्टिबाधित यात्रियों की सुविधा हेतु जबलपुर एवं सतना स्टेशन पर ब्रेल साइनेज की स्थापना

जबलपुर। यात्रियों, विशेषकर दृष्टिबाधित एवं दिव्यांगजन यात्रियों की सुगम, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में भारतीय रेलवे निरंतर यात्री-अनुकूल सुविधाओं का विस्तार कर रहा है। इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के जबलपुर एवं सतना रेलवे स्टेशनों पर दृष्टिबाधित यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए अनुप्रयास सॉल्यूशंस  कंपनी द्वारा ब्रेल साइनेज स्थापित किए गए हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि ब्रेल साइनेज के माध्यम से दृष्टिबाधित यात्रियों को स्टेशन परिसर में उपलब्ध विभिन्न यात्री सुविधाओं, जैसे प्रवेश एवं निकास द्वार, लिफ्ट, एस्केलेटर, फुट ओवर ब्रिज (एफओबी), प्लेटफॉर्म तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी स्पर्श आधारित ब्रेल लिपि के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। इससे दृष्टिबाधित यात्रियों को स्टेशन परिसर में स्वतंत्र, सुरक्षित एवं सुविधाजनक रूप से आवागमन करने में सहायता मिलती है तथा दूसरों पर उनकी निर्भरता भी कम होती है।

उन्होंने बताया कि इस सुविधा की स्थापना के लिए जबलपुर रेल मंडल द्वारा जबलपुर रेलवे स्टेशन पर 7,35,553 रुपये तथा सतना रेलवे स्टेशन पर 6,12,656 रुपये की लागत से लगाया गया है। यह पहल दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 तथा भारतीय रेलवे की दिव्यांगजन-अनुकूल एवं सुलभ अवसंरचना विकसित करने की नीति के अनुरूप की गई है। ब्रेल साइनेज की स्थापना से जबलपुर एवं सतना रेलवे स्टेशन दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए अधिक सुगम एवं समावेशी बने हैं।

भारतीय रेलवे सभी यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं समान अवसरों पर आधारित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यात्री सुविधाओं के सतत उन्नयन की इसी श्रृंखला में  यह पहल दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं समावेशी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak