नई दिल्ली. हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति से शुक्रवार 24 जुलाई को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी दरक गई, जिससे कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी मलबे की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।
सड़क खुलने के बाद निकली टैक्सी
जानकारी के अनुसार उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। इसी वजह से टैक्सी में सवार यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क बहाल होने के बाद टैक्सी (एचपी-01एम-2210) पांगी के लिए रवाना हुई। हालांकि, कडू नाला के पास पहुंचते ही अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। देखते ही देखते पूरी टैक्सी मलबे में दब गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला।
13 लोगों की मौत की पुष्टि, राहत अभियान जारी
पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। बचाव दल ने अब तक एक घायल व्यक्ति को मलबे से सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया है। अन्य यात्रियों की तलाश जारी है और भारी मलबे को हटाने के लिए मशीनों की मदद ली जा रही है।
