सिवनी. एमपी के सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जबलपुर से सिवनी जा रही एक स्लीपर बस राष्ट्रीय राजमार्ग पर बम्होडी गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी। ड्राइवर की सूझबूझ और यात्रियों की मदद से एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
बताया जाता है कि बस अपनी सही रफ्तार में जा रही थी। बम्होडी गांव के पास पहुंचते ही ड्राइवर का बस पर से नियंत्रण खो गया और गाड़ी सड़क छोड़कर किनारे बने गड्ढे में उतर गई। घटना के वक्त बस में कई यात्री सवार थे, जो गाड़ी के रुकते ही सुरक्षित बाहर निकल आए। खबर मिलते ही लखनादौन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
हादसा किस वजह से हुआ, इसका अभी साफ पता नहीं चल पाया है। पुलिस ड्राइवर से पूछताछ कर रही है। यह जांच की जा रही है कि दुर्घटना गाड़ी में किसी तकनीकी खराबी, सड़क की हालत या किसी अन्य कारण से हुई। जरूरत पडऩे पर बस की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी।
क्रेन से निकाली गई बस
हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर साफ कराया। बाद में क्रेन बुलाकर बस को गड्ढे से बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि यह इलाका काफी व्यस्त रहता है, अगर हादसे के वक्त सड़क किनारे कोई होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
