जबलपुर/दमोह. जबलपुर के पनागर की बेटी, जिसका विवाह लगभग ढाई माह पूर्व दमोह में हुआ था, उसके वेटरनरी डाक्टर पति व सास, ससुर ने दहेज के लोभ में फिनायल पिलाकर जान लेने का प्रयास किया, नवविवाहिता की हालत गंभीर है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
दमोह की क्रिश्चियन कॉलोनी में एक वेटरनरी डॉक्टर और उसके माता-पिता पर अपनी 24 वर्षीय नवविवाहिता को फिनायल पिलाने के आरोप लगे हंै। पीडि़त महिला को गंभीर हालत में शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मायके पक्ष का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले 20 लाख रुपए की कार की मांग को लेकर महिला के साथ मारपीट कर रहे थे।
शादी के ढाई माह बाद ही शुरू हुई प्रताडऩा
जबलपुर के पनागर निवासी पीडि़त महिला की मां पार्वती राय ने बताया कि उनकी बेटी शिवानी की शादी इसी साल 30 अप्रैल को दमोह के वेटरनरी डॉक्टर मनीष राय से हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने करीब 30 लाख रुपए खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के तुरंत बाद से ही पति मनीष, ससुर विशाल और सास अनीता दहेज के लिए शिवानी को प्रताडि़त करने लगे थे।
फोन पर दी फिनायल पिलाने की जानकारी
शुक्रवार सुबह शिवानी ने जबलपुर में अपनी मां को फोन कर बताया कि पति और सास-ससुर ने मिलकर उसे जबरन फिनायल पिला दिया है। इसके बाद मां ने दमोह में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को सूचना दी। शिवानी के मौसी का बेटा सोनू राय जब क्रिश्चियन कॉलोनी स्थित घर पहुंचा, तो आरोपी वहां से गायब थे। सोनू ने तुरंत शिवानी को जिला अस्पताल पहुंचाया।
नायब तहसीलदार के सामने दर्ज हुए बयान
घटना की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार धनीराम सिंह ठाकुर बयान दर्ज करने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि पीडि़त शिवानी के बयान ले लिए गए हैं। शिवानी ने अपने बयानों में पति और सास-ससुर पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने और फिनायल जैसी कोई जहरीली दवा पिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

