khabar abhi tak

बिजली ट्रांसफार्मर से रातों रात ऑयल चोरी, बिजली ठप, कटनी में किसानों की फसलें सूखी, कलेक्टर से शिकायत

कटनी. एमपी के कटनी जिले के स्लीमनाबाद तहसील के तेवरी गांव में कृषि पंपों के लिए लगाए गए विद्युत ट्रांसफार्मर से अज्ञात लोगों ने तेल चोरी कर लिया। इसके बाद ट्रांसफार्मर खराब होने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली नहीं मिलने से धान की बुवाई और सिंचाई प्रभावित हो रही है। परेशान किसान बुधवार 29 जुलाई को कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों को शिकायत देकर जल्द समाधान की मांग की।

किसानों के मुताबिक वे कृषि पर निर्भर हैं और वर्तमान में धान का सीजन चल रहा है। ट्रांसफार्मर से तेल निकाले जाने के बाद वह जलकर खराब हो गया। बिजली आपूर्ति बंद होने से ट्यूबवेल और कृषि पंप नहीं चल पा रहे हैं। इससे खेतों में खड़ी फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है।

बुवाई का सीजन खराब होने की चिंता

किसानों ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से बिजली और सिंचाई की समस्या से परेशान हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो धान की बुवाई का सीजन प्रभावित हो सकता है। किसानों के मुताबिक, विद्युत विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने की जानकारी संबंधित विद्युत वितरण कंपनी के स्थानीय अधिकारियों और कर्मचारियों को लिखित और मौखिक रूप से दी गई थी। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से किसानों को कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत करनी पड़ी।

नया ट्रांसफार्मर लगाने और एफआईआर की मांग

किसानों ने खराब ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। साथ ही विद्युत संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और तेल चोरी करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। किसानों ने धान के सीजन को देखते हुए कृषि फीडर से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी अपील की।

अधिकारियों ने समाधान का आश्वासन दिया

कलेक्ट्रेट में अधिकारियों ने किसानों की शिकायत स्वीकार की। अधिकारियों ने बताया कि विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर समस्या का जल्द निराकरण कराया जाएगा। किसानों को नया ट्रांसफार्मर लगवाने का भी आश्वासन दिया गया

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak