दमोह। दमोह के सेमरा गांव में आज दोपहर पानी से भरे 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से दो नाबालिग बच्चों की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में गहरा शोक और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर गड्ढा खुदवाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोनू पिता लखन यादव उम्र 10 वर्ष व भविष्य पिता संजू यादव 11 वर्ष सोनू पांचवीं कक्षा का छात्र था, जबकि भविष्य छठवीं कक्षा में पढ़ता था। आज दोपहर में लंच के वक्त दोनों बच्चे गड्ढे के पास खेलने गए। खेलते समय वे उसमें डूब गए। वहां मौजूद कुछ अन्य बच्चों ने उन्हें डूबते हुए देखा तो जोर-जोर से चिल्लाकर आवाज लगाई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मृत बच्चों के परिजनों और ग्रामीणों ने रजपुरा निवासी कंछेदी जैन पर आरोप लगाया है। उनके अनुसार, कंछेदी जैन ने दो साल पहले गांव में एक बहुत बड़ा गड्ढा खुदवाया था, जो वर्तमान में बारिश के पानी से भरा हुआ है। ग्रामीणों ने कई बार इस गड्ढे को बंद कराने की मांग की थी, क्योंकि गांव में छोटे बच्चे हैं, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों के शवों क ो निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है।
पेट्रोल पंप के लिए खुदा था गड्ढा
मौके पर पहुंची पुलिस का कहना था कि पेट्रोल पंप के लिए यह गड्ढा खुदवाया गया था। पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दोनों बच्चों की मौत हो गई है। मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। परिजनों के द्वारा जो भी आरोप लगाये जा रहे हैं सभी तथ्यों की जांच की जाएगी
Tags
damoh