जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के निशातपुरा (भोपाल) रेलवे स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की शुरुआत की जा रही है। इस अवसर पर 28 जुलाई, मंगलवार को शाम 5 बजे निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
वे डॉ. अंबेडकर नगर–श्री माता वैष्णो देवी कटरा मालवा एक्सप्रेस तथा जबलपुर–वेरावल एक्सप्रेस के निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग और सांसद आलोक शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इन ट्रेनों के निशातपुरा में ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी। यह पहल स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
