जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। 18 से 24 जुलाई के दौरान आरपीएफ एवं संबंधित सुरक्षा एजेंसियों द्वारा विभिन्न मामलों में प्रभावी कार्रवाई की गई।
17 जुलाई 2026 को ऑपरेशन डिग्निटी के अंतर्गत ट्रेन संख्या 03252 से यात्रा कर रही 70 वर्षीय तेलुगु भाषी महिला के जबलपुर स्टेशन पर अपने परिजनों से बिछड़ जाने की सूचना पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया, स्थानीय पूछताछ एवं उद्घोषणा के माध्यम से महिला को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
19 जुलाई 2026 को सागर आरक्षण केंद्र पर अवैध टिकट बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 1,340 रुपये मूल्य के 04 आरक्षित रेल टिकट तथा आरक्षण फॉर्म बरामद किए गए। आरोपी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
21 जुलाई 2026 को ऑपरेशन सतर्क के तहत कटनी में बिना वैध लाइसेंस के 16.5 लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत 24,838 रुपये है, बरामद कर आरोपी को आबकारी विभाग के सुपुर्द किया गया। इसी दिन जबलपुर स्टेशन पर यात्री का मोबाइल चोरी करने का प्रयास कर रहे आरोपी को आरपीएफ टीम ने रंगे हाथों पकड़ा।
दिनांक 23 जुलाई 2026 को रीवा में अवैध ई-टिकट बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 78,594 रुपये मूल्य के 87 अवैध ई-टिकट बरामद किए गए। इसी दिन दमोह स्टेशन पर चोरी किए गए 29,000 रुपये मूल्य के दो मोबाइल फोन बरामद कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त, 17 जुलाई 2026 को प्राप्त रेल मदद शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई में चोरी किए गए 3,52,420 रुये मूल्य के स्वर्ण आभूषण बरामद किए गए। यह कार्रवाई 24 जुलाई 2026 की साप्ताहिक रिपोर्ट में दर्ज की गई है।
