जबलपुर। बरगी थानान्तर्गत बरगी के सालीवाड़ा में उस वक्त चीख पुकार मच गई, जब दो पक्षों के बीच टकराव हो गया। जिसमें दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर घातक हथियारों से हमला किया, जिसमें दोनों पक्षों के युवकों को गंभीर चोटें आई है। वहीं एक युवक नामी यादव की मौत की खबर है। पुलिस के अनुसार सालीवाड़ा में दो पक्षों के बीच लम्बे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही है, जिसमे चलते दोनों ही पक्ष एक दूसरे से बदला लेने की फिराक में रहते थे। बीती रात भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया, विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से लोग एकत्र हो गए और घातक हथियारों से एक दूसरे पर हमला शुरु कर दिया, हमले में एक युवक नामी पिता कौड़ीलाल यादव उम्र 20 वर्ष के शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण मौत होने की खबर है। वहीं दोनों पक्षों के बीच खूनी टकराव होते देख क्षेत्र में भगदड़ व चीख पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों के अंदर चले गए। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने खून से लथपथ नामी यादव को अस्पताल भी पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने भी जांच के बाद नामी यादव को मृत घोषित कर दिया। खबर है कि घटना में अन्य लोगों को भी चोटें आई है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा, जिसके चलते पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण करते रहे। वहीं दूसरी ओर पुलिस द्वारा घटना के कारणों व आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।