khabar abhi tak

अब बारिश में नहीं डूबेगा मदन महल अंडरब्रिज



जबलपुर। मदन महल अंडरब्रिज में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से शहरवासियों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। नगर निगम प्रशासन ने इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाते हुए रेलवे से पत्राचार शुरू किया है। इस योजना के तहत अंडरब्रिज के पास अस्थायी वाटर पंप मशीन लगाई जाएगी ताकि बारिश का पानी तेजी से बाहर निकाला जा सके। इस पहल को लेकर नगर निगम के स्वास्थ्य प्रभारी अभिनव मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि रेलवे से समन्वय और आवश्यक तकनीकी अनुमति मिलने के बाद ही उच्च क्षमता वाले पंप स्थापित किए जाएंगे। इस व्यवस्था के लागू होने से जलभराव की स्थिति में काफी कमी आएगी और नागरिकों को सुरक्षित, निर्बाध एवं सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिल सकेगा। इससे यातायात बाधित होने की घटनाएं भी कम होंगी।

पंप लगने से सुगम होगा यातायात 

​मदन महल अंडरब्रिज शहर के प्रमुख यातायात मार्गों में से एक है। हर साल भारी बारिश के दौरान यहाँ पानी भर जाने से वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार दोपहिया और चारपहिया वाहन बीच रास्ते में ही बंद हो जाते हैं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित होता है। अब नगर निगम द्वारा की जा रही इस पहल से मानसून के दौरान लोगों को होने वाली दिक्कतों को कम करने में बड़ी मदद मिलेगी। स्थानीय निवासियों ने इस कदम का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि रेलवे और नगर निगम के बीच समन्वय स्थापित होने के बाद इस क्षेत्र को जलभराव की समस्या से काफी हद तक मुक्ति मिल सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak