khabar abhi tak

जीसीएफ चुनाव 2026: मोर्चा ने बदली चुनावी बिसात, उम्मीदवारों का किया ऐलान

जबलपुर। गन कैरेज फैक्ट्री में प्रस्तावित कार्य समिति चुनाव 2026 के लिए सियासी पारा चढ़ गया है। मजदूर संघ हथौड़ा और इंटक के संयुक्त बैनर तले गठित संयुक्त मजदूर कर्मचारी मोर्चा ने एक कार्यक्रम आयोजित करके अपने 10 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। इस मौके पर बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मजदूर संघ हथौड़ा के अध्यक्ष विनय गुप्ता ने की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोर्चा हमेशा से ही कर्मचारियों के अधिकारों, न्याय और कल्याण के लिए लड़ाई लड़ता रहा है और भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कर्मचारियों की आवाज बनेगा। इस दौरान जेसीएम काउंसिल के सचिव उत्तम विश्वास और आईआर सदस्य विवेक शुक्ला ने भी मोर्चा की मजबूती पर जोर दिया और सभी उम्मीदवारों को जीत का संकल्प दिलाया।

संयुक्त मोर्चा ने क्षेत्रवार सूची जारी की

​संयुक्त मजदूर कर्मचारी मोर्चा ने चुनाव के लिए क्षेत्रवार प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इन उम्मीदवारों में क्षेत्र क्रमांक 1 से राहुल गुप्ता, क्षेत्र 2 से अमित चंदेल, क्षेत्र 3 से राजेंद्र वर्मा, क्षेत्र 4 से रोहित यादव और क्षेत्र 5 से देवेंद्र भदौरिया को मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा क्षेत्र 6 से पार्थ ओझा, क्षेत्र 7 से सिद्धार्थ ठाकुर, क्षेत्र 8 से बीरबल सिंह, क्षेत्र 9 से हिमांशु कुमार और क्षेत्र 10 से राजा पांडे को उम्मीदवार बनाया गया है। मोर्चा के नेताओं ने सभी कर्मचारियों से एकजुट होकर इन प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान करने की अपील की है।

कर्मचारियों के समर्थन से जीत का भरोसा

​कार्यक्रम के दौरान जेसीएम काउंसिल के सचिव उत्तम विश्वास ने विश्वास जताया कि कर्मचारी लगातार चौथी बार संयुक्त मजदूर कर्मचारी मोर्चा पर अपना भरोसा जताएंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारी भारी बहुमत से मोर्चा को विजयी बनाकर कार्य समिति में भेजेंगे। अंत में आईआर सदस्य विवेक शुक्ला ने सभी घोषित प्रत्याशियों का स्वागत करते हुए उन्हें चुनाव के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर चुनाव लड़ें और संयुक्त मोर्चा को ऐतिहासिक विजय दिलाएं। फैक्ट्री के भीतर चुनावी सरगर्मी तेज होने के साथ ही मोर्चा के पदाधिकारी अब सघन जनसंपर्क अभियान शुरू करने की योजना बना रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak