khabar abhi tak

पेट्रोल 5 रुपये सस्ता, डीजल के दाम में 3 रुपए की कटौती, एलपीजी सिलेंडर भी हुआ सस्ता

नई दिल्ली.  देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत मिली है। निजी क्षेत्र की प्रमुख ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। नई कीमतें 1 जुलाई 2026 से देशभर में कंपनी के सभी पेट्रोल पंपों पर लागू हो गई हैं। वहीं कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 180 रुपये की कमी की गई है.

दो वर्षों से अधिक समय में यह पहला मौका है, जब किसी तेल कंपनी ने खुदरा स्तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती की है। कंपनी का कहना है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट के चलते यह फैसला लिया गया है।

रूस की रोसनेफ्ट समर्थित नायरा एनर्जी हाल ही में देश में 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों का नेटवर्क स्थापित कर निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी ईंधन रिटेलर बन गई है। कंपनी ने अपने पूरे नेटवर्क पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती लागू कर दी है। हालांकि, विभिन्न राज्यों में वैट और अन्य स्थानीय करों के कारण अंतिम खुदरा कीमतों में कुछ अंतर हो सकता है।

वहीं, सरकारी तेल कंपनियों—इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल)—ने फिलहाल अपने ईंधन मूल्यों में कोई बदलाव नहीं किया है। इन कंपनियों का देश के 90 प्रतिशत से अधिक पेट्रोल पंपों पर संचालन है।

वहीं दूसरी तरफ ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम कम किए गए हैं। ताजा रेट्स की बात करें, तो दिल्ली में 3,113 रुपये का मिलने वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब सस्ता होकर 2,930 रुपये का रह गया है। इस हिसाब से गैस सिलेंडर की कीमत 183 रुपये घटाई गई है। हालांकि, इस बार भी घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14 किलो के एलपीजी सिलेंडर को स्थिर रखा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak