जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल एवं कोटा तीनों मंडलों में यात्री यातायात से प्राप्त राजस्व एवं यात्रियों की संख्या में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। महाप्रबंधक के मार्गदर्शन एवं प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों के निर्देशन तथा तीनों मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पश्चिम मध्य रेल ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में पश्चिम मध्य रेल ने यात्री यातायात से कुल 685 करोड़ 83 लाख का ऑरिजिनेटिंग राजस्व अर्जित किया है। यह पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में प्राप्त 633 करोड़ 76 लाख के राजस्व की तुलना में 8.22 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान आरक्षित एवं अनारक्षित सहित कुल 306 लाख 67 हजार यात्रियों संख्या रही जो गत वर्ष की तुलना में 3.2 प्रतिशत अधिक है।
वित्त वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में मंडलवार अर्जित ऑरिजिनेटिंग राजस्व में जबलपुर मंडल का योगदान 267 करोड़ 21 लाख, भोपाल मंडल का 267 करोड़ 77 लाख तथा कोटा मंडल का 150 करोड़ 84 लाख रहा है। अकेले जून माह की बात करे तो 228 करोड़ 88 लाख रूपये यात्री यातायात से ऑरिजनेटिंग राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की इसी माह में 217 करोड़ 69 लाख रूपये की तुलना में 5 प्रतिशत अधिक है। जिसमें आरक्षित एवं अनारक्षित सहित कुल 103 लाख 61 हजार यात्रियों की संख्या रही जो गत वर्ष की तुलना में लगभग 5 प्रतिशत अधिक है।
यात्री यातायात में राजस्व वृद्धि के लिए किये प्रयास
- स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों को रेगुलर ट्रेन नम्बरो के साथ नियमित किया जा रहा है।
- पश्चिम मध्य रेल से चलने वाली स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि को बढ़ाया गया।
- प्रतीक्षा सूची क्लीयर करने के लिए यात्री ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए।
- यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रायोगिक ठहराव की अवधि बढ़ाई गई।
- यात्रियों की सुविधा के लिए आईसीएफ कोच रैक को एलएचबी कोच संरचना में परिवर्तित किया जा रहा है।
- अधोसंरचना कार्यों में गति लाकर यात्री ट्रेनों की गति में वृद्धि की जा रही तथा समयपालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
