जबलपुर। जिले में कृषि विभाग ने नकली खाद के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर उपसंचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे और अनुविभागीय कृषि अधिकारी प्रतिभा गौर की टीम ने शुक्रवार को पनागर में मझौली चौराहा कटनी रोड पर छापेमारी की। टीम ने फैमिली रेस्टोरेंट के पास एक मिनी ट्रक की तलाशी ली, जिसमें से 60 बोरी डीएपी खाद बरामद हुई। खाद की गुणवत्ता संदिग्ध होने और चालक द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर पूरी खेप जब्त कर ली गई है। मौके से लिए गए खाद के नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद इस अवैध कारोबार में शामिल उर्वरक विक्रेता, वाहन मालिक और खरीदार के खिलाफ पनागर थाने में एफआईआर दर्ज की जाएगी।
कृषि विभाग की टीम ने ट्रक को पकड़ा
विभाग द्वारा जब्त की गई खाद को सुरक्षा की दृष्टि से पनागर थाना परिसर में रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह खाद नकली लग रही है। विभाग का यह विशेष अभियान जिले भर में उर्वरकों की कालाबाजारी और घटिया सामग्री की बिक्री रोकने के लिए चलाया जा रहा है। जांच रिपोर्ट में खाद के नकली साबित होने की स्थिति में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार के आर्थिक नुकसान या फसल बर्बादी से बचाया जा सके। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे संदिग्ध वाहनों और विक्रेताओं पर नजर रखी जाएगी। किसानों को सलाह दी गई है कि वे हमेशा अधिकृत विक्रेता से ही खाद खरीदें और पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें।
