जबलपुर। जिले में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज, उर्वरक और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशों पर कृषि विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया है। इस अभियान में अनियमितता मिलने पर बड़ी कार्रवाई की गई है। उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे के अनुसार पाटन के विष्णु वराह कृषि केंद्र का कीटनाशक विक्रय लाइसेंस निरस्त किया गया है। इसके अलावा मझगवां सिहोरा के न्यू गोस्वामी कृषि केंद्र, बुढ़रा सिहोरा के तिवारी फर्टिलाइजर्स और बी आर कृषि केंद्र के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। साथ ही 21 अन्य विक्रेताओं को अमानक बीज के नमूने पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से कृषि आदान बाजार में हड़कंप मच गया है।
कृषि विभाग की जांच में सामने आई अनियमितताएं
कार्रवाई की जद में आए 21 विक्रेताओं को नोटिस थमाया गया है। इनमें शिव शक्ति कृषि केन्द्र मझौली, श्री श्रेष्ठ कृषि केन्द्र मझगवां, जय माँ दुर्गा कृषि केन्द्र अमगवां सिहोरा, विवेक कृषि केन्द्र बाबाताल सिहोरा, कृष्णा ट्रेडर्स पहरेवा सिहोरा, हरिओम ट्रेडर्स पाटन, नीलकंठ इंटरप्राईजेज पाटन, श्री नर्मदा डिस्ट्रीब्यूटर्स पाटन, जय सांई सरकार पाटन, मेसर्स तिवारी कृषि केन्द्र पाटन, कावेरी सीड्स कंपनी नगना, अंकुर सीड्स करमेता जबलपुर, एडवांटा इंटरप्राईजेज मंगेला पनागर, मेसर्स श्री गंगा एग्रो शहपुरा, रामदास विष्णु कुमार चौरसिया शहपुरा, चंडोक मशीनरीज कृषि उपज मंडी जबलपुर, श्री समृद्धि परामर्श आधारताल जबलपुर, सरस्वती फर्टिलाईजर शहपुरा एवं मेसर्स अरविंद ट्रेडर्स कुंडम शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किसानों के लिए सुरक्षित और वाजिब खेती के उपाय
उप संचालक कृषि ने किसानों से विशेष अपील की है कि वे अपनी खेती के लिए आवश्यक सामग्री केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें। खरीदारी करते समय किसी भी परिस्थिति में बिल लेना न भूलें। किसान सतर्क रहकर ही जालसाजों से बच सकते हैं। यदि कोई विक्रेता अमानक सामग्री बेचता है तो किसान तत्काल विभाग को सूचना दें। जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि खरीफ सीजन में किसानों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। विभाग की टीम लगातार मंडियों और दुकानों का निरीक्षण कर रही है ताकि कृषि आदानों की गुणवत्ता बनी रहे।
