जबलपुर। पाटन रोड पर गुरूपिपरिया गांव के पास बुधवार दोपहर एक ट्राला और कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्राले में फंसकर कार करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई। मौके पर कार चालक की मौत हो गई। कार में सवार अन्य लोगों को चोटें आई। पुलिस ने घायलों को पाटन चिकित्सालय भेजा। पुलिस आरोपी ट्राला चालक की छानबीन कर रही है।
पाटन पुलिस ने बताया कि दमोह स्टेट हाइवे पर स्थित गुरुपिपरिया गांव के पास दोपहर लगभग 12.30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जबलपुर से पाटन की ओर जा रहे एक ट्राला अनियंत्रित हो गया, जिसने सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्राला कार को करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए सड़क किनारे एक खेत में जा घुसा। इस दुर्घटना में कार चालक अजय पटेल निवासी तेंदूखेड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार सवार छह अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त कार की बॉडी से जैसे-तैसे चालक का शव बाहर निकाला। मौके पर गैस कटर से कार की बॉडी काटी गई थी। पुलिस ने तत्काल घायलों को एंबुलेंस की मदद से पाटन सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया।