जबलपुर। जबलपुर के पनागर नगर पालिका आफिस में आज उस वक्त हड़कम्प मच गया, जब लोकायुक्त टीम ने सब इंजीनियर शुभम जैन को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। शुभम जैन एक ठेकेदार केबिल का भुगतान करने के एवज में उक्त रुपया ले रहा था।
इस संबंध में लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले ने बताया कि ठेकेदार राजेन्द्र सतनामी ने पनागर नगर पालिका में कीटनाशक दवाओं की आपूर्ति का ठेका लिया था। कार्य का अधिकांश भुगतान हो चुका था, जबकि अंतिम भुगतान लंबित था। लंबित बिल पास करने के लिए सब इंजीनियर शुभम जैन 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी। ठेकेदार द्वारा सब इंजीनियर से आग्रह किया कि वह रिश्वत नहीं दे सकता है, इसके बाद भी सब इंजीनियर शुभम जैन अपनी मांग पर अड़े रहे। जिसपर ठेकेदार राजेन्द्र सतनामी ने एसपी लोकायुक्त से शिकायत की। इसके बाद आज दोपहर एक बजे के लगभग ठेकेदार राजेन्द्र नगर पालिका आफिस पहुंचे और सब इंजीनियर शुभम जैन को 40 हजार रुपए की रिश्वत दी, तभी जबलपुर से पहुंची लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर शुभम जैन को रंगे हाथ पकड़ लिया। सब इंजीनियर शुभम जैन के पकड़े जाने की खबर से आफिस में अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों में हड़कम्प मच गया, जिसने भी सुना तो वह स्तब्ध रह गया। रिश्वत मामले को लेकर कार्यालय में तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त रही।
Tags
jabalpur