इंदौर. मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का जूनियर इंजीनियर नमेश कुमार भोंडेकर को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार, 18 जुलाई को 40 हजार रुपए की घूस लेते गिरफ्तार किया। इंजीनियर सोलर पैनल संबंधी फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 80 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था।
जेई ने की थी 80 हजार की डिमांड
जानकारी के मुताबिक, परदेशीपुरा के रहने वाले बिल्डर एवं होटल व्यवसायी शिवप्रकाश बसवाल ने 17 जुलाई को लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अंबे नगर स्थित जीआर-7 होटल की बिल्डिंग पर लगाए जाने वाले सोलर पैनल की फाइल आगे बढ़ाने के लिए जूनियर इंजीनियर नमेश कुमार भोंडेकर 80 हजार रुपए की डिमांड कर रहा है।
सत्यापन के बाद ट्रैप की कार्रवाई
लोकायुक्त पुलिस को शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देश पर कार्रवाई की गई। शनिवार को टीम ने सुखलिया जोन स्थित विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय में कार्रवाई की। यहां आरोपी जूनियर इंजीनियर को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपए की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथ ट्रैप कर लिया गया। आरोपी जूनियर इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 की धारा-7 के तहत केस दर्ज किया गया। वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
