khabar abhi tak

एमपी : पुलिस सूबेदार-एसआई सिलेक्ट कैंडिडेट्स का सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन-मेडिकल टेस्ट 27 को, जबलपुर सहित 4 नोडल केंद्रों पर होगी

भोपाल. एमपी पुलिस में सूबेदार और उप निरीक्षक संवर्ग भर्ती वर्ष-2025 के अंतिम परीक्षा परिणाम के आधार पर चयनित कैंडिडेट्स की नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में इन कैंडिडेट्स के दस्तावेज परीक्षण, चरित्र सत्यापन और मेडिकल परीक्षण की कार्यवाही 27 जुलाई 2026 को प्रदेश के 4 नोडल केन्द्रों भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में आयोजित की जाएगी।

वेबसाइट पर देखें दिशा-निर्देश

चयन मंडल, भोपाल द्वारा भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी किए जाने के बाद नियुक्ति संबंधी कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में सूचना, आवश्यक निर्देश और विस्तृत कार्यक्रम चयन मंडल की वेबसाइट www.esb.mp.gov.in पर भी देखे जा सकते हैं।

प्रक्रिया के लिए 4 नोडल केन्द्र बनाए

चयनित कैंडिडेट्स को 4 नोडल केन्द्रों पर उपस्थित होना है। 

जिला भोपाल: कार्यालय पुलिस उपायुक्त, नगरीय पुलिस भोपाल

जिला इंदौर: कार्यालय पुलिस उपायुक्त, नगरीय पुलिस इंदौर

जिला जबलपुर: पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जबलपुर

जिला ग्वालियर: पुलिस अधीक्षक कार्यालय, ग्वालियर

7 जुलाई को आया फाइनल रिजल्ट

मप्र कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने 7 जुलाई  2026 को सब इंस्पेक्टर (एसआई) और सूबेदार भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट घोषित किया। 500 पदों के लिए हुई भर्ती में 436 पदों पर कैंडिडेट्स का चयन हो सका है। शेष पदों पर महिला और अन्य आरक्षित श्रेणियों में पर्याप्त कैंडिडेट्स उपलब्ध नहीं होना बताया गया है।

1,692 कैंडिडेट्स को फिजीकल के लिए बुलाया

लिखित परीक्षा के परिणाम के आधार पर कुल 5,113 कैडिडेट्स दूसरे चरण की प्रक्रिया में शामिल हुए। इनमें से रिक्त पदों के तीन गुना यानी 1,692 कैडिडेट्स को शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) और साक्षात्कार के लिए बुलाया। अंतिम मेरिट लिखित परीक्षा, पीईटी और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई।

कैंडिडेट्स ये भी ध्यान रखें

पुलिस मुख्यालय ने सभी चयनित कैंडिडेट्स से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों सहित अनिवार्य रूप से उपस्थित हों, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूर्ण की जा सके। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak