नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के करेली थाना क्षेत्र के ग्राम सगौरिया स्थित प्राचीन जैन मंदिर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाश मंदिर का ताला कटर से काटकर भीतर घुसे और वहां विराजित करीब 18 अष्टधातु की प्रतिमाएं चोरी कर ले गए। चोरी हुई प्रतिमाओं में भगवान महावीर स्वामी सहित अन्य जैन तीर्थंकरों की प्रतिमाएं शामिल हैं। इस घटना से जैन समाज में जबर्दस्त आक्रोश फैल गया है.
डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलते ही करेली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड तथा फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। इसके साथ ही मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने बनाईं अलग-अलग टीमें
करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि सगौरिया का जैन मंदिर क्षेत्र के प्राचीन जैन मंदिरों में शामिल है। देर रात चोर ताला तोड़कर मंदिर में दाखिल हुए और छोटी-बड़ी कई अष्टधातु प्रतिमाएं अपने साथ ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। इस घटना के बाद जैन समाज में गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर चोरी गई प्रतिमाओं की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
