छतरपुर. मध्य प्रदेश के हरपालपुर में शुक्रवार की देर रात अनियंत्रित पुलिस की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई. हादसे में तेज रफ्तार कार पुल से करीब 15 फिट नीचे जा गिरी. हादसे के दौरान कार में टीआई और एक आरक्षक मौजूद था. दोनों इस दुर्घटना में घायल हो गए हैं. जिनका इलाज जारी है.
हादसे में काकुनपुरा चौकी प्रभारी राजेंद्र बागरी एवं हरपालपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक बृजराज घायल हो गए. दोनों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी
दुर्घटना उस समय हुई, जब दोनों पुलिसकर्मी कार से हरपालपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान निर्माणाधीन पुल के पास कार अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी. हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद घायलों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार कराया गया.
एयर बैग ने बड़ा हादसा होने से बचाया
काकुनपुरा चौकी प्रभारी राजेंद्र बागरी कहना है कि हरपालपुर की ओर से हम आ रहे थे. उसी दौरान निर्माणाधीन पुल के नीचे अचानक कार गिर गई. कार पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिस कारण घटना हुई है. दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं, एयरबैग खुल गाए जिस कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और हम लोग सुरक्षित हैं. घटना के बाद समय रहते पुलिसकर्मियों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
