khabar abhi tak

जबलपुर:डिंडौरी से मजदूरी करने आए परिवार के बालक का मिला शव,मामला संदिग्ध



जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र के परसवाड़ा गांव में उड़द की फसल कटाई के दौरान 12 वर्षीय बालक अमित सैयाम लापता हो गया, जिसका शव बाद में पास के खेत में पेड़ से लटका मिला। अमित मूल रूप से डिंडौरी जिले के शाहपुरा थाना अंतर्गत ग्राम डोमदादर का निवासी था और अपनी मां बसंती बाई के साथ यहां आया था। वह किसान लक्ष्मण पटेल के खेत में मजदूरी करने आए पूरन सिंह परस्ते के नेतृत्व वाले 8 सदस्यीय दल का हिस्सा था। दोपहर में भोजन के समय जब अमित नहीं दिखा, तो खोजबीन के दौरान नेमचंद पटेल के खेत में उसका शव मिला।

​खेलते-खेलते लापता हुआ था बालक 

​खेत में जब सभी बड़े लोग उड़द की फसल काटने में व्यस्त थे, तब अमित पास में ही खेल रहा था। दोपहर के भोजन के समय जब वह अपनी मां बसंती बाई और अन्य मजदूरों को नहीं मिला, तो उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद नेमचंद पटेल के खेत में लगे एक पेड़ पर उसका शव मिला। उसने अपनी ही शर्ट का फंदा बनाकर डाल से खुद को लटका लिया था। परिजनों ने जब उसे नीचे उतारा, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की

​घटना की सूचना मिलते ही खितौला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर विभिन्न बिंदुओं पर अपनी जांच आगे बढ़ाई है। पूरन सिंह परस्ते और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak