जबलपुर। शहर में आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर निगम द्वारा संसाधनों के साथ नाला सफाई का कार्य लगातार किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने अपर आयुक्त अरविंद शाह, अशफाक परवेज कुरैशी तथा स्वास्थ्य विभाग के अमले के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा किया। उन्होंने ओमती नाला, भूलन नाला, प्रेम नगर नाला और गंगा सागर नाला सहित प्रमुख जल निकासी माध्यमों की सफाई का बारीकी से जायजा लिया। इस मौके पर अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से जल भराव के संबंध में फीडबैक भी लिया। इस पर रहवासियों ने संतोष जताते हुए अधिकारियों को बताया कि अब उनके क्षेत्रों में पानी नहीं भरता है। दौरे के समय प्रशासनिक टीम ने शहर के अपशिष्ट प्रबंधन के लिए संचालित वेस्ट टू एनर्जी प्लांट और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी गहन निरीक्षण किया। कलेक्टर और निगमायुक्त ने इन दोनों महत्वपूर्ण प्लांटों की कार्यप्रणाली को समझा और अधिकारियों को निर्देश दिए कि ये सभी प्लांट पूरी क्षमता के साथ काम करें ताकि शहर के कचरे और सीवेज का वैज्ञानिक तरीके से निपटारा सुनिश्चित हो सके।
जलभराव को लेकर सख्त हिदायत
कलेक्टर और निगमायुक्त ने मातहत अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि बारिश के मौसम में शहर के किसी भी हिस्से में जलभराव की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए मानसून की दस्तक से पहले ही सभी बड़े नालों की तली झाड़ सफाई का काम हर हाल में पूरा कर लिया जाए। निगमायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अमले को मुस्तैदी से काम करने तथा कचरा संग्रहण व नालों की सफाई व्यवस्था की रोजाना मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी सौंपी। अधिकारियों ने वेस्ट टू एनर्जी और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की निरंतरता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शहर पूरी तरह स्वच्छ बना रहे। इस पूरे निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और स्वास्थ्य अमला मुख्य रूप से मौजूद रहा।
