khabar abhi tak

एमपी : मानसून अपडेट, जबलपुर सहित 33 जिलों में आंधी-बारिश, 60 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

भोपाल. एमपी में दक्षिण- पश्चिम से होने जा रही मानसून की एंट्री को लेकर नई जानकारी सामने आयी है। मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, आगामी 15 से 18 जून के बीच राज्य में मानसून दस्तक दे सकता है। यही कारण है कि, यहां प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी के चलते राज्य के कई जिलों में आंधी, बारिश के साथ साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ रही है।

शनिवार को प्रदेश के जबलपुर सहित भिंड, दतिया, छतरपुर, पन्ना और सागर जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने संबंधित इलाकों में लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

33 जिलों में गरज-चमक, बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर समेत 33 जिलों में गरज - चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों के जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है। इनमें इंदौर और उज्जैन संभाग के जिले मुख्य रूप से प्रभावित होंगे। यानी इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, खरगोन, बुरहानपुर, देवास, आगर-मालवा और शाजापुर समेत कई जिलों में तेज धूप निकलने के कारण गर्मी का प्रभाव देखने को मिलेगा।

बारिश में पीछे चल रहा एमपी

फिलहाल, राज्य में प्री-मानसून बारिश का दौर लगातार तेज होता जा रहा है, बावजूद इसके जून के महीने में प्रदेश का कुल बारिश रिकॉर्ड अब भी सामान्य से पीछे चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अब तक मध्य प्रदेश में औसत से 23 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में बारिश की कमी सबसे ज्यादा बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak