जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र स्थित मड़ई तलैया मरघटाई के पास बीती रात करीब 8:30 बजे रिछाई निवासी 19 वर्षीय चालक प्रिंस स्वामी और उसके दोस्त हर्ष सेन को रोककर रितिक यादव और शुभम यादव ने शराब के लिए 1000 रुपये मांगे, जिसका विरोध करने पर रितिक के पकड़ने और शुभम द्वारा चाकू से जांघ पर हमला कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 119(1), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल युवक प्रिंस स्वामी पेशे से ड्रायवरी का काम करता है। वह अपने दोस्त हर्ष सेन के साथ मड़ई में सब्जी खरीदने के लिए निकला था। रास्ते में घात लगाए बैठे रितिक यादव और शुभम यादव ने उन्हें रोक लिया और अवैध वसूली करते हुए रुपयों की मांग पर अड़ गए। प्रिंस ने जब अपनी मेहनत की कमाई देने से साफ मना किया, तो दोनों आरोपी भड़क गए और सरेराह अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। गाली-गलौज का विरोध करने पर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। इस दौरान रितिक ने प्रिंस को कसकर दबोच लिया, जिससे वह हिल न सके, तभी शुभम ने जेब से धारदार चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू सीधे प्रिंस के दाहिने पैर की जांघ में जा लगा, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकले। दोस्त हर्ष ने तत्काल घायल को संभाला और थाने लेकर पहुंचा। रांझी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तत्काल केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
सब्जी लेने जा रहे दो दोस्तों को रास्ते में बदमाशों ने घेरा,चाकू घोंपे
byKhabarAbhiTak
-
0
