जबलपुर। रांझी जल शोधन संयत्र से प्रदाय किया जाने वाला नगर निगम का पानी अब बुधवार से एक समय ही मिलेगा। नगर निगम ने तय किया है कि जल प्रदाय सुबह के समय ही किया जाएगा। इस जल प्रदाय की वजह निगम ने फगुआ और बरगी दाईं तट नहर में जल स्तर गिर जाना बताया है।
नगर निगम के जल प्रभारी के मुताबिक परियट जलाशय, बरगी दायी तट नहर एवं फगुआ से 54 एमएलडी रांझी जल शोधन संयंत्र से प्रतिदिन सुबह-शाम जलापूर्ति की जाती है। वर्तमान में परियट जलाशय का जलस्तर कम हो गया है, जिससे पर्याप्त मात्रा में रॉ-वॉटर न मिलने एवं बरगी दायी तट नहर में पर्याप्त मात्रा में जल स्तर न होने से रांझी जल शोधन संयंत्र से दोनों समय सुबह-शाम जलापूर्ति किया जाना संभव नहीं है। ऐसी परिस्थिति को दृष्टिगत रखते हुये 3 जून से रांझी जलशोधन संयंत्र से भरे जानी वाली उच्चस्तरीय टंकियों कुली हील, संजय नगर अधारताल, शोभापुर, रांझी जलशोधन संयंत्र स्थित ओव्हर हेड टैंक, संजय नगर रावण पार्क रांझी, बजरंग नगर, मुक्तिधाम रांझी से केवल प्रातःकालीन जलापूर्ति परियट जलाशय के भरे जाने तक की जावेगी। इस असुविधा के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, जल प्रभारी दामोदर सोनी एवं आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने खेद व्यक्त किया है।
