khabar abhi tak

कार में फंसकर घिसटते चले गए तीन युवक, सड़क किनारे खड़े होकर कर रहे बस का इंतजार

जबलपुर। कटंगी थानान्तर्गत ककरेहटा तिराहा पर उस वक्त चीख पुकार मच गई, जब जबलपुर की ओर से आई कार के चालक ने तीन युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक गिरकर कार में फंस गए, जिन्हे चालक घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। हादसे में तीनों युवकों के शरीर पर गंभीर चोटें आई है,जिन्हे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर के शासकीय अस्पताल रेफर किया गया। 

                                       पुलिस के अनुसार ग्राम पटेरा जिला दमोह निवासी दशरथसिंह लोधी गांव के रोहित ठाकुर, गनेश काछी, परमसिंह लोधी व सोनू सिंह ठाकुर के साथ नाहन देवी के दर्शन करने के लिए कटंगी आए थे। देवी के दर्शन, पूजा पाठ करने के बाद सभी लोग दमोह जाने के लिए ककरेहटा तिराहा पर रात 9 बजे के लगभग बस का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान जबलपुर की ओर से आई कार क्रमांक एमपी 40 बीई 0810 के  चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रोड किनारे खड़े गणेश काछी, परम सिंह लोधी, सोनू सिंह ठाकुर गिरकर कार के पिछले चके में फंस गए, जिन्हे कार चालक घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। तीनों को कार में फंसकर घिसटते देख बस स्टेंड पर खड़े साथियों सहित अन्य लोगों में चीख पुकार मच गई, यहां तक कि सभी ने शोर मचाते हुए पीछा किया। दुर्घटना में घायल तीनों युवकों को नजदीक के स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाकर पुलिस को खबर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद कार चालक की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है। वहीं घायलों की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद शहर के शासकीय अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद इस रोड पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई थी, जिससे जाम के हालात निर्मित हो गए। 


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak