जबलपुर। सिंधी कैंप क्षेत्र के रहने वाले 22 वर्षीय होनहार इंजीनियरिंग छात्र मोहम्मद फैजान अंसारी के रहस्यमय ढंग से लापता होने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। श्रीराम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में बीटेक कंप्यूटर साइंस अंतिम वर्ष का छात्र फैजान 5 जून की रात करीब 3:30 बजे अपनी एक्टिवा स्कूटी क्रमांक एमपी 20 एसके 7757 लेकर घर से निकला था, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला है। उसी दिन उसकी फाइनल सेमेस्टर की परीक्षा भी थी, लेकिन वह कॉलेज नहीं पहुंचा। पुलिस ने हनुमानताल थाने में गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लापता होने के बाद से ही फैजान का मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है, जिससे परिजनों की चिंता काफी बढ़ गई है।
तिलवाराघाट में एक्टिवा मिलने से गहराया रहस्य
फैजान की तलाश के बीच पुलिस को उसकी एक्टिवा स्कूटी तिलवाराघाट पार्किंग क्षेत्र में लावारिस हालत में खड़ी मिली। वाहन मिलने की सूचना के बाद पुलिस और परिजनों की चिंता और बढ़ गई, जिसके बाद संभावित ठिकानों पर खोज अभियान तेज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीईआरएफ की टीम को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है। टीम ने तिलवाराघाट से लेकर लम्हेटाघाट तक नर्मदा नदी के विभिन्न हिस्सों में घंटों गहरा सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन फैजान से जुड़ा कोई भी सुराग हाथ नहीं लग सका। बड़ी मदार टेकरी मस्जिद के पास रहने वाले फैजान के परिजनों ने अपने स्तर पर भी घाट क्षेत्र के लोगों से पूछताछ की है, परंतु अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
सीसीटीवी फुटेज धुंधले होने से पुलिस जांच में आई बाधा
हनुमानताल थाना पुलिस ने मामले की जांच के लिए शहर के विभिन्न चौराहों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। परिजनों का कहना है कि कई प्रमुख स्थानों की सीसीटीवी फुटेज काफी धुंधली और अस्पष्ट है, जिसकी वजह से फैजान की गतिविधियों और वह किस दिशा में गया, इसका सही अंदाजा नहीं लग पा रहा है। फैजान पढ़ाई में बेहद गंभीर और जिम्मेदार छात्र रहा है, इसलिए परीक्षा के दिन उसका इस तरह अचानक गायब होना कई बड़े सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर छात्र की तलाश में जुटी है।
