कटनी. एमपी के कटनी जिला मुख्यालय के इमलिया इलाके में स्थित सोना पाइप इंडस्ट्री में काम करने के दौरान कच्चे माल से भरी भारी-भरकम बोरियां अचानक एक मजदूर के ऊपर जा गिरीं। बुधवार 10 जून की दोपहर को हुुए इस हादसे में बोरियों के नीचे दबने से 19 वर्षीय एक युवा मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की मर्ग जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मजदूर की पहचान 19 वर्षीय घनश्याम पिता मान सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उमरिया जिले के ग्राम अमुआरी का निवासी था और आजीविका के लिए पिछले कुछ समय से कटनी की सोना पाइप इंडस्ट्री में बतौर मजदूर कार्यरत था।
ृतक के साथी मजदूर सोहन सिंह ने बताया कि बुधवार को घनश्याम हमेशा की तरह फैक्ट्री में काम कर रहा था। वह मशीन के हॉपर (मिक्सर/कंटेनर) में पाइप बनाने का कच्चा माल डाल रहा था। इसी दौरान हॉपर के ठीक ऊपर बेहद असुरक्षित तरीके से रखी गईं बोरियां अचानक असंतुलित हो गईं और सीधे घनश्याम के ऊपर आ गिरीं। बोरियों का वजन अत्यधिक होने के कारण घनश्याम उनके नीचे पूरी तरह दब गया और उसका दम घुटने लगा।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
हादसा होते ही साथी मजदूर सोहन सिंह ने जोर-जोर से चिल्लाकर अन्य कर्मचारियों को आवाज लगाई। शोर सुनकर फैक्ट्री के अन्य मजदूर मौके पर दौड़े और घनश्याम के ऊपर से बोरियां हटाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद जब घनश्याम को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। सूचना मिलने पर माधव नगर थाने के उप निरीक्षक दीपू कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। जहां पर डाक्टर ने जांच उपरांत मृत घोषित कर दिया.
